Haldwani: कुमाऊं मंडल में 5 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की समीक्षा, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

Haldwani: कुमाऊं मंडल में 5 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की समीक्षा, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: कैम्प कार्यालय में कुमाऊं आयुक्त और मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने उच्चाधिकारियों को नियमित मानिटरिंग और स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सरकार ने रोड सेफ्टी के तहत धनराशि जारी की है। सभी सड़कों के निरीक्षण के बाद दुर्घटनास्थल चिह्नित कर सुरक्षा कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं।

झूलापुल निर्माण के निर्देश:
आयुक्त ने कहा कि जहां गरारी या ट्रॉली से आवागमन हो रहा है, वहां झूलापुल निर्माण के प्रस्ताव शासन को भेजें। पुराने व जर्जर पुलों की जांच कर नए पुलों के निर्माण हेतु प्रस्ताव शीघ्र तैयार किए जाएं।

परियोजनाओं की त्वरित प्रगति पर जोर:
आयुक्त ने कहा कि जिन परियोजनाओं को धनराशि स्वीकृत हो चुकी है, वहां तुरंत टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू किया जाए। वन विभाग से स्वीकृति के लिए समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।

प्रमुख परियोजनाएं:
मुख्य अभियंता लोनिवि अल्मोड़ा ने बताया कि मंडल में 5 करोड़ से अधिक लागत की 56 परियोजनाएं संचालित हैं। इनमें 11 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 19 प्रगतिशील हैं। 12 नए प्रोजेक्ट चल रहे हैं, और 7 वन भूमि से संबंधित आपत्तियों के कारण लंबित हैं।

भारत-नेपाल के बीच छाड़छम में मोटर पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। टनकपुर-जौलजीवी मोटर मार्ग पर चूका में पुल का निर्माण तेजी से चल रहा है।

नैनीताल व उधमसिंह नगर में प्रमुख कार्य:
मुख्य अभियंता ने बताया कि नैनीताल व उधमसिंह नगर में 22 कार्य प्रगति पर हैं। कैंची धाम में मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 2815.68 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण एवं प्रकाशीकरण का कार्य जून 2026 तक पूरा होगा।

भवाली सैनीटोरियम-सिरोड़ी कैंचीधाम बाईपास का कार्य अक्टूबर 2025 तक पूरा होगा। भवाली बाईपास पार्ट-2 का निर्माण अगस्त 2025 तक पूर्ण किया जाएगा। काठगोदाम-नैनीताल टू-लेन मोटर मार्ग और रामनगर फोरलेन प्रोजेक्ट का सर्वे पूरा हो चुका है।

बैठक में मुख्य अभियंता प्रहलाद सिंह बृजवाल, राजेंद्र सयाना, अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार पांगती और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *