Nainital: नैनीताल में 12 वर्षीय बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की घटना के विरोध में शनिवार को हेल्पिंग हैंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा एक जन आक्रोश रैली निकाली गई। ट्रस्ट के निदेशक शशि सिंह और विशाल शर्मा के नेतृत्व में यह रैली आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
रैली के अंत में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की गई। साथ ही पीड़िता को समुचित चिकित्सकीय सुविधा, आर्थिक सहायता और संरक्षण प्रदान करने की अपील की गई।
विशाल शर्मा ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह कृत्य मानवता पर कलंक है। उन्होंने कहा कि मात्र ₹200 का लालच देकर एक मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाना समाज को शर्मसार करता है। उन्होंने इसे मृत्यु के समान गंभीर अपराध बताते हुए दोषी को फांसी जैसी सजा की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन स्थल है और वर्तमान में पर्यटन सीजन के चलते प्रशासन को और अधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि डेमोग्राफिक बदलावों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से विनोद पाठक, विजय तिवारी, ममता रुवाली, माला आर्य, पूजा रावत, कविता आर्य, ज्योति परिहार समेत हेल्पिंग हैंड ट्रस्ट के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar