Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: अजय भट्ट का राहुल गांधी पर हमला, अजीत डोभाल की टिप्पणी को बताया उत्तराखंड के गौरव पर प्रहार

Haldwani: अजय भट्ट का राहुल गांधी पर हमला, अजीत डोभाल की टिप्पणी को बताया उत्तराखंड के गौरव पर प्रहार
शेयर करे-

॰ हल्द्वानी में प्रेस वार्ता कर पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने कांग्रेस नेता की बयानबाजी की आलोचना की, उत्तराखंड कांग्रेस से राहुल गांधी की टिप्पणियों पर रुख स्पष्ट करने की मांग की

Haldwani: पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित अमर्यादित टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की है। शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना जीवन राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए समर्पित किया है। ऐसे व्यक्तित्व के प्रति अमर्यादित टिप्पणी केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान पर प्रहार है।

अजय भट्ट ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन देश की सुरक्षा के लिए समर्पित व्यक्तित्वों के सम्मान की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े शीर्ष पदों पर कार्यरत व्यक्तियों के प्रति ऐसी भाषा का प्रयोग क्यों किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने देश को स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे महान सपूत दिए हैं। वर्ष 2017 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को लेकर कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता की कथित टिप्पणी का उल्लेख करते हुए भट्ट ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी प्रदेश की भावनाओं को आहत करती है।

सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे सैन्य अभियानों का जिक्र करते हुए अजय भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में सेना के शौर्य और देश के सुरक्षा तंत्र पर अनावश्यक संदेह पैदा करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के समय सभी राजनीतिक दलों को राष्ट्रहित और सुरक्षा बलों के मनोबल को सर्वोपरि रखना चाहिए।

भट्ट ने उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और अन्य जिम्मेदार नेताओं से राहुल गांधी की टिप्पणियों पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उत्तराखंड कांग्रेस ऐसी भाषा का समर्थन करती है। साथ ही कांग्रेस नेतृत्व से उत्तराखंड के गौरवशाली सपूतों के प्रति अपने रवैये पर आत्ममंथन करने को कहा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उत्तराखंड की जनता अपने वीर सपूतों के योगदान और राष्ट्रसेवा पर गर्व करती है तथा उनके सम्मान से कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगी।

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह-मीडिया संयोजक भुवन जोशी, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा और जिला सह-मीडिया प्रभारी मनीष पाल उपस्थित रहे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *