Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Uttarakhand: रेखा आर्या के समर्थन में उतरे अभिनेता हेमंत पांडे, बोले पूरा उत्तराखंड बहन के मान-सम्मान की रक्षा के लिए साथ खड़ा है

Uttarakhand: रेखा आर्या के समर्थन में उतरे अभिनेता हेमंत पांडे, बोले पूरा उत्तराखंड बहन के मान-सम्मान की रक्षा के लिए साथ खड़ा है
शेयर करे-

Uttarakhand: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति पर कथित दुर्व्यवहार, उत्पीड़न और जान से मारने की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटनाक्रम के बीच बॉलीवुड अभिनेता और उत्तराखंड निवासी हेमंत पांडे खुलकर रेखा आर्या के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक प्रतिक्रिया देते हुए मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप कर संज्ञान लेने की अपील की है।

अभिनेता हेमंत पांडे ने कहा कि जब उन्होंने मंत्री रेखा आर्या का रोते हुए वीडियो देखा, तो वह भावुक हो गए। एक भाई और उत्तराखंडी होने के नाते उन्हें यह देखकर बेहद दुख हुआ। उन्होंने रेखा आर्या को ढांढस बंधाते हुए कहा कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पूरा उत्तराखंड उनके साथ खड़ा है।

हेमंत पांडे ने कहा कि किसी महिला मंत्री के साथ कथित दुर्व्यवहार और उत्पीड़न का मामला केवल व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के मान-सम्मान और मर्यादा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

अभिनेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और इस पर तत्काल संज्ञान लिया जाना चाहिए। उन्होंने घटनाक्रम को राजनीति से प्रेरित होने की आशंका भी जताई और शीर्ष नेतृत्व से मामले को गंभीरता से देखने का अनुरोध किया।

अपने संदेश में हेमंत पांडे ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर महिलाओं के सम्मान की रक्षा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की राजनीति अपनी जगह है, लेकिन जब किसी बेटी या बहन के मान-सम्मान और मर्यादा की बात आती है, तो सभी को एकजुट होकर उसके साथ खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने रेखा आर्या को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पूरा उत्तराखंड उनके साथ है और उनके मान-सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *