Nainital: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में तीन युवक चलती कार की छत पर बैठकर स्टंट करते नजर आए। यह वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा ने मामले का संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
वीडियो नैनीताल रोड का बताया जा रहा है, जहां तीन युवक जान जोखिम में डालकर कार की छत पर बैठे थे। वायरल वीडियो को कानून की अवहेलना और जनमानस में गलत संदेश फैलाने वाला माना गया। इस पर मल्लीताल कोतवाली के उप निरीक्षक दीपक बिष्ट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे तीनों युवकों की पहचान की।
पकड़े गए युवकों में अदनान पुत्र इकराम, हम्जा पुत्र मोहम्मद वारिश और मोहम्मद उमर पुत्र मोहब्बे अली, तीनों निवासी मुरादाबाद के बताए गए हैं। इनके विरुद्ध नियमानुसार चलानी कार्रवाई करते हुए उनका वाहन सीज कर दिया गया।
कार्रवाई के बाद युवकों की काउंसलिंग की गई और भविष्य में इस प्रकार की हरकत न दोहराने की सख्त चेतावनी दी गई। युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी।
एसएसपी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर सभी थाना प्रभारियों को ड्रंक एंड ड्राइव, ओवरलोडिंग, रैश ड्राइविंग और स्टंट के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
नैनीताल पुलिस ने जनता से अपील की है कि सड़क को स्टंट का मैदान न बनाएं। नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

