Haldwani: वृहस्पतिवार को हल्दूचौड़–लालकुआं मार्ग पर वन विकास निगम के डिपो नंबर 5 के सामने एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपर की चपेट में आने से वार्ड नंबर 1 लालकुआं निवासी 35 वर्षीय इस्राईल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस्राईल अपने साथी के साथ बाइक से हल्दूचौड़ से लालकुआं की ओर लौट रहा था। रास्ते में साइड लेने के दौरान उनकी बाइक अचानक तेज रफ्तार डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इस्राईल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और आक्रोश व्यक्त करते हुए हंगामा करने लगे।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को शांत कराते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजन सदमे में हैं, क्योंकि करीब तीन माह पूर्व मृतक इस्राईल के छोटे भाई की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी थी। लगातार दोहरी त्रासदी ने परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
