Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में झोलाछाप डॉक्टरों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, सात क्लीनिक और मेडिकल स्टोर सील

Haldwani: हल्द्वानी में झोलाछाप डॉक्टरों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, सात क्लीनिक और मेडिकल स्टोर सील
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में झोलाछाप डॉक्टरों और नियमों के विपरीत संचालित क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। राजपुरा क्षेत्र में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में ड्रग्स विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर सात क्लीनिक और मेडिकल स्टोर सील कर दिए गए। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया है।

प्रशासन को शहर में बिना जरूरी अनुमति के क्लीनिक संचालित करने और नियमों के विपरीत दवाइयां देने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के बाद टीम ने राजपुरा क्षेत्र में विभिन्न क्लीनिक और मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कहीं बिना लाइसेंस के दवाइयां वितरित की जा रही थीं, तो कहीं आयुर्वेदिक डॉक्टर एलोपैथिक दवाइयों से मरीजों का इलाज करते मिले।

जांच टीम की कार्रवाई की भनक लगते ही कई क्लीनिक संचालक मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम ने प्रतिष्ठानों की जांच कर अनियमितताएं पाए जाने पर सात क्लीनिक और मेडिकल स्टोर सील कर दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध चिकित्सा गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले एक झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद महिला की मौत का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद प्रशासन ने ऐसे क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पिछली कार्रवाई में आठ झोलाछाप डॉक्टरों के प्रतिष्ठान सील किए गए थे। अब सात और प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई है।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन की सख्ती से बिना जरूरी अनुमति के क्लीनिक चलाने और नियमों के विरुद्ध दवाइयां देने वाले संचालकों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *