Haldwani: गवर्नमेंट हाउसिंग सहकारी समिति लिमिटेड, हीरा नगर की प्रबंध कमेटी एवं पदाधिकारियों का निर्वाचन शांतिपूर्ण माहौल में निर्विरोध संपन्न हो गया। प्रबंध कमेटी के छह पदों पर सदस्यों का निर्विरोध चयन किया गया। इसके बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य संस्थाओं के लिए प्रतिनिधि का चुनाव भी निर्विरोध संपन्न हुआ।
निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में हुई चुनाव प्रक्रिया में सामान्य वर्ग से प्रदीप बिष्ट, हरीश चंद्र जोशी, पारितोष कुमार रोहतगी और सुरेश हिंदवान को प्रबंध कमेटी का सदस्य चुना गया। वहीं, महिला वर्ग से राशि अग्रवाल और चंद्रावती जोशी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित पद पर कोई नामांकन प्राप्त नहीं होने के कारण यह पद रिक्त रहा।
प्रबंध कमेटी के गठन के बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य संस्थाओं के लिए प्रतिनिधि के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसमें हरीश चंद्र जोशी को अध्यक्ष, चंद्रावती जोशी को उपाध्यक्ष और सुरेश हिंदवान को अन्य संस्थाओं के लिए प्रतिनिधि चुना गया। तीनों पदों पर एक-एक नामांकन प्राप्त होने के कारण सभी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद समिति के सदस्यों और कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरीश चंद्र जोशी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति का संचालन पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। साथ ही सदस्यों के हितों की रक्षा और हीरा नगर के आवास विकास से जुड़े कार्यों को पूरी निष्ठा एवं एकजुटता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी संजय डबराल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
