Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में रफ्तार का कहर, मोमो खा रहे युवक को डम्पर ने कुचला, इलाज के दौरान युवक की मौत

Haldwani: हल्द्वानी में रफ्तार का कहर, मोमो खा रहे युवक को डम्पर ने कुचला, इलाज के दौरान युवक की मौत
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी के टीपी नगर क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खनन सामग्री से लदे बेकाबू डम्पर ने सड़क किनारे खड़े होकर मोमो खा रहे 28 वर्षीय अनिल रौतेला को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ घंटों बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक अनिल रौतेला कैंची धाम क्षेत्र के निवासी थे और हल्द्वानी में चोला मंडलम फाइनेंस लिमिटेड में कलेक्शन एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे वह घर से पास के फास्ट फूड सेंटर पर गए थे, तभी तेज रफ्तार डम्पर (UA04 D 4346) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके पेट और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी हालत नाजुक हो गई।

अनिल चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और अपने सरल स्वभाव व मेहनत के लिए जाने जाते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डम्पर चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को सीज कर दिया गया है। क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *