Haldwani: मुखानी क्षेत्र स्थित राधिका ज्वैलर्स में हुई सनसनीखेज चोरी की घटना का नैनीताल पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में की गई प्रोफेशनल पुलिसिंग के तहत अंतर्राज्यीय नकबजन गैंग के चार शातिर सदस्यों को नेपाल बॉर्डर के पास बनबसा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 22 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को मुखानी निवासी नवनीत शर्मा ने थाना मुखानी में तहरीर दी थी कि 19 दिसंबर की रात से 21 दिसंबर की सुबह के बीच अज्ञात चोरों ने पड़ोसी दुकान की दीवार तोड़कर उनकी दुकान राधिका ज्वैलर्स से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली। इस संबंध में थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 268/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी की अगुवाई में पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। जांच के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो वाहन चिन्हित किया गया, जिसके आधार पर उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड और नेपाल बॉर्डर तक पुलिस टीमें रवाना की गईं।
लगातार सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर 4 जनवरी 2026 की सुबह पुलिस ने बनबसा क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में बसंत खत्री, तनवीर अहमद, इमरान शेख और गैंग लीडर मकसूद शेख शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 54 ग्राम सोने के आभूषण, 7.245 किलोग्राम चांदी के जेवरात और चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद किया है।
पूछताछ में गैंग लीडर मकसूद शेख ने रांची और सूरत में भी चोरी के मामलों में संलिप्तता स्वीकार की है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी संबंधित राज्यों से जुटाई जा रही है। इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
