Headlines

Haldwani: जनसुनवाई में कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत सख्त, भूमि विवाद से लेकर ई-रिक्शा फिटनेस तक मामलों पर त्वरित निर्देश

Haldwani: जनसुनवाई में कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत सख्त, भूमि विवाद से लेकर ई-रिक्शा फिटनेस तक मामलों पर त्वरित निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: शनिवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कुमाऊँ आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, धोखाधड़ी से धनराशि हड़पने, अवैध निर्माण, ई-रिक्शा फिटनेस, पारिवारिक विवाद, सड़क मरम्मत और पेयजल जैसी अहम समस्याएं सामने आईं।

नैनीताल शहर में वर्तमान में संचालित ई-रिक्शाओं के मैनुअल फिटनेस न होने का मामला उठने पर आयुक्त ने आरटीओ को मुख्यालय से पत्राचार कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

वहीं अल्मोड़ा जनपद के लमगड़ा निवासी मदन सिंह ने महिंद्रा कंपनी से संबंधित वाहन ऋण व ट्रांसफर से जुड़ी शिकायत रखी, जिस पर आयुक्त ने कंपनी अधिकारियों को तलब कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम क्वैराला निवासी मुकुल ऐरी ने तोक बाखली क्षेत्र में पेयजल संकट की जानकारी दी, जहां सात परिवारों को 700 मीटर दूर गधेरे से पानी लाना पड़ रहा है। इस पर आयुक्त ने जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी को जांच कर समस्या के समाधान के आदेश दिए।

ब्लॉक प्रमुख केडी रूबाली ने ओखलकांडा विकासखंड की सड़क एवं पर्यटन से जुड़ी समस्याएं उठाईं। आयुक्त ने संबंधित मोटर मार्गों का शीघ्र निरीक्षण कर विभागीय लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जनसुनवाई में जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों पर चिंता जताते हुए आयुक्त ने वन विभाग को प्रोएक्टिव होकर कार्य करने, प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और पीड़ितों को तत्काल मुआवजा देने के निर्देश दिए। साथ ही वन भूमि से लगे गांवों में निवासरत लोगों को लकड़ी व चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

भूमि विवादों की अधिकता को देखते हुए कुमाऊँ आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि भूमि खरीद से पूर्व सभी दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन कर ही लेनदेन करें, ताकि आर्थिक नुकसान और कानूनी जटिलताओं से बचा जा सके।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *