Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: उत्तराखंड कांग्रेस में रोहित भट्ट को बड़ी जिम्मेदारी, सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश बने समन्वयक

Haldwani: उत्तराखंड कांग्रेस में रोहित भट्ट को बड़ी जिम्मेदारी, सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश बने समन्वयक
शेयर करे-

Haldwani: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त पदाधिकारियों की सूची को मंजूरी दे दी है। इसके तहत अभिनव थापर को प्रदेश अध्यक्ष, भरत शर्मा और हर्षित सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष तथा रोहित भट्ट, मधुसूदन सुंदरियाल, दिनेश चंद्र टम्टा और जसवीर कौर को प्रदेश समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रोहित भट्ट की नियुक्ति को संगठन में उनकी लंबे समय से सक्रिय भूमिका और सोशल मीडिया एवं संचार क्षेत्र में उनके अनुभव के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। मोटाहल्दू निवासी रोहित भट्ट लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हैं और पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश के साथ भी लंबे समय तक सक्रिय रूप से कार्य कर चुके हैं।

रोहित भट्ट वर्तमान में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके साथ ही वह जिला नैनीताल कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रभारी की भूमिका भी संभाल रहे हैं।

इससे पहले रोहित भट्ट कांग्रेस आईटी सेल के प्रदेश सचिव और अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी के रूप में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके अलावा वह इंटक (राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस) की युवा इकाई के राष्ट्रीय सचिव (मीडिया) के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।

कांग्रेस संगठन में लंबे समय से सक्रिय रोहित भट्ट ने सोशल मीडिया, डिजिटल कम्युनिकेशन, मीडिया समन्वय और संगठनात्मक गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में लगातार कार्य किया है। नई जिम्मेदारी के साथ उनसे प्रदेश कांग्रेस के डिजिटल एवं सोशल मीडिया अभियान को और प्रभावी बनाने तथा पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका की उम्मीद की जा रही है।

अपनी नियुक्ति पर रोहित भट्ट ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व, वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास और जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही कांग्रेस की विचारधारा, जनहित के मुद्दों और संगठन की आवाज को सोशल मीडिया के माध्यम से मजबूती से जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

रोहित भट्ट की नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और सक्रियता से उत्तराखंड कांग्रेस का सोशल मीडिया संगठन और अधिक मजबूत एवं प्रभावी होगा।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *