॰ डायल-112 की सूचना पर मालधन चौड़ पहुंची पुलिस, भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को दबोचा; 315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद
Ramnagar: ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को कोतवाली रामनगर में डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि मालधन चौड़ स्थित शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी दे रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस कर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया तो वह पुलिस को देखकर मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए पीछा कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेन्द्र पुत्र बलवान सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी मालधन नंबर-7, शिव मंदिर, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल बताया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
अवैध शस्त्र की बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली रामनगर में FIR संख्या 268/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
बरामदगी:
- 01 अवैध 315 बोर तमंचा
- 01 जिंदा कारतूस
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
- उपनिरीक्षक मनोज अधिकारी
- कांस्टेबल विजेन्द्र सिंह

Chief Editor, Aaj Khabar
