Ramnagar: नैनीताल जिले के रामनगर में 56 वर्षीय महिला विमला देवी की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में रामनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना मुख्य वजह रही।
जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से रामनगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान 56 वर्षीय विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में मुकदमा अपराध संख्या 356/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस एवं एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित कीं।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद आरोपी वाहन से महिला का शव घटनास्थल के पास फेंकते नजर आए। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या कर दी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय दबोचा गया, जब वे शहर से फरार होने की फिराक में थे।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मोहित फर्त्याल (32 वर्ष), निवासी किशनपुर छोई, सैरान (21 वर्ष), निवासी खताड़ी तथा मोहम्मद अब्बूजर (22 वर्ष), निवासी खताड़ी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर और वाहन संख्या UK04 AN6012 बरामद किया है। इसके अलावा मृतका के पेटीकोट का नाड़ा भी बरामदगी में शामिल है।
इस पूरी कार्रवाई में एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह, क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस एवं एसओजी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
