Almora: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सैराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर हरड़ा गांव के पास एक बोलेरो मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, हरड़ा गांव निवासी मां-बेटी भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो मैक्स से वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कुंज-किमौला मोटर मार्ग पर हरड़ा के पास अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा समाया।
हादसा देर रात होने और घटनास्थल पर गहरी खाई होने के कारण किसी को दुर्घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। तीनों मृतकों के शव रातभर खाई में ही पड़े रहे।
गुरुवार सुबह करीब 9 बजे गांव की कुछ महिलाएं घास काटने के लिए जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क से नीचे खाई में क्षतिग्रस्त बोलेरो मैक्स पर पड़ी। महिलाओं ने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 400 मीटर गहरी खाई होने के कारण शवों को सड़क तक पहुंचाने में रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग हरड़ा गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। भाई दूज मनाकर घर लौट रहे मां-बेटी की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
