Haldwani: उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए हल्द्वानी नगर निगम के नगर आयुक्त को बदल दिया है। शासन की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार, आशीमा गोयल को हल्द्वानी नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, वर्तमान नगर आयुक्त परितोष वर्मा का तबादला काशीपुर नगर निगम कर दिया गया है।
शासनादेश के मुताबिक, आशीमा गोयल इससे पहले ऊधमसिंह नगर में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थीं। अब उन्हें इस जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए नगर आयुक्त, नगर निगम हल्द्वानी की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
परितोष वर्मा को अब काशीपुर नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। शासन के इस फैसले के बाद हल्द्वानी और काशीपुर दोनों नगर निगमों में नगर आयुक्तों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड शासन ने 11 नवंबर 2026 को 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कुल 30 अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। अधिकारियों को वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
हल्द्वानी में अब नई नगर आयुक्त के सामने शहर की सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, जलभराव, अतिक्रमण और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की अहम जिम्मेदारी होगी।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
