Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: दीपावली की छुट्टी पर घर लौट रहे युवक को टैक्सी में बैठाने का झांसा देकर लूटा, नैनीताल पुलिस ने दोनों लुटेरों को दबोचा

Haldwani: दीपावली की छुट्टी पर घर लौट रहे युवक को टैक्सी में बैठाने का झांसा देकर लूटा, नैनीताल पुलिस ने दोनों लुटेरों को दबोचा
शेयर करे-

Haldwani: दीपावली की छुट्टियों में अपने घर लौट रहे एक युवक को टैक्सी में बैठाने का झांसा देकर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक को पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी दिलाने के बहाने अपने साथ लिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर उसका आईफोन, नकदी, हेडफोन और सोने की कान की बाली लूट ली थी। पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार, बेरीनाग निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ में निजी नौकरी करते हैं। दीपावली की छुट्टियों में वह अपने घर जाने के लिए चंडीगढ़ से बस के जरिए हल्द्वानी पहुंचे थे। 7 नवंबर 2026 को हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन पर पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी तलाशते समय उनकी मुलाकात दो अज्ञात युवकों से हुई। दोनों ने प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर उन्हें अपने साथ चलने को कहा।

इसके बाद दोनों युवक मुकेश भट्ट को एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उन्होंने उनका आईफोन, 7 हजार रुपये नकद, हेडफोन और कान की सोने की बाली लूट ली और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा अपराध संख्या 383/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने सुरागरसी और पतारसी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर 9 नवंबर 2026 को रेलवे क्रॉसिंग राजपुरा के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ उड़ी निवासी वार्ड नंबर-12 राजपुरा और सूरज आर्य निवासी वार्ड नंबर-12 राजपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का एक आईफोन, पीली धातु की कान की बाली, 5 हजार रुपये नकद और एक हेडफोन बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतबीर सिंह शामिल रहे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *