Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: उत्तराखंड स्थापना दिवस पर शहीद स्थल पहुंचे CM धामी, आंदोलनकारियों को किया नमन; PM मोदी ने पत्र भेजकर दी शुभकामनाएं

Dehradun: उत्तराखंड स्थापना दिवस पर शहीद स्थल पहुंचे CM धामी, आंदोलनकारियों को किया नमन; PM मोदी ने पत्र भेजकर दी शुभकामनाएं
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड में सोमवार, 9 नवंबर 2026 को 26वां राज्य स्थापना दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून स्थित कचहरी के शहीद स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद आंदोलनकारियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।

उत्तर प्रदेश से अलग पृथक पर्वतीय राज्य उत्तराखंड के निर्माण के लिए लंबे समय तक आंदोलन चला। इस संघर्ष में 40 से अधिक आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। आंदोलनकारियों के इसी संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड देश के 27वें राज्य के रूप में अस्तित्व में आया।

यही वजह है कि हर साल राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शहीद स्थल पर आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद स्थल पहुंचकर शहीदों को नमन किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेश के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने विस्तृत संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत ढांचे के विस्तार और सीमांत क्षेत्रों के विकास का उल्लेख किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में राज्य की उपलब्धियों और सरकार के प्रयासों की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर 2000 को भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। राज्य स्थापना दिवस की यह वर्षगांठ देवभूमि के लोगों के अदम्य साहस, अटूट स्वाभिमान और निरंतर प्रगति के संकल्प को नमन करने का अवसर है।

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसा यह प्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का अद्भुत संगम है। मां गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों का उद्गम भी इसी धरती से होता है।

उन्होंने कहा कि पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम की परंपरा उत्तराखंड को देश की आस्था का प्रमुख केंद्र बनाती है। बाबा केदारनाथ और बदरी विशाल से लेकर गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश तक प्रदेश के धार्मिक स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े हैं।

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्होंने देवभूमि के अनेक क्षेत्रों में लंबा समय बिताया है। केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना, आदि कैलाश की आध्यात्मिक यात्रा, बुग्यालों का आशीर्वाद और माताओं-बहनों का स्नेह आज भी उनकी स्मृतियों में जीवंत है।

उन्होंने उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की अपार क्षमता वाला प्रदेश बताते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार इस लक्ष्य को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *