Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: 26वें शरदोत्सव मेले का हल्द्वानी में भव्य आगाज, लोकगीतों और बॉलीवुड संगीत पर झूमे दर्शक

Haldwani: 26वें शरदोत्सव मेले का हल्द्वानी में भव्य आगाज, लोकगीतों और बॉलीवुड संगीत पर झूमे दर्शक
शेयर करे-

Haldwani: शहर के श्री रामलीला मैदान में मानव विकास सेवा संस्थान की ओर से आयोजित चार दिवसीय 26वें शरदोत्सव मेले का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। शुभारंभ समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बॉलीवुड गीतों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कपूर डब्बू और दर्जा राज्य मंत्री हुकुम सिंह कुंवर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक प्रतिभाओं और खेल से जुड़ी प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से प्रदेश की लोकसंस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ ही सकारात्मक संदेश भी जाता है।

संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष एवं निर्माता-निर्देशक विक्की योगी ने बताया कि 26वां शरदोत्सव मेला 10 से 13 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, स्थानीय प्रतिभाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, फिल्म स्टार नाइट और मिस्टर उत्तराखंड बॉडीबिल्डिंग शो को विशेष आकर्षण के रूप में शामिल किया गया है।

शुभारंभ समारोह में प्रसिद्ध नृत्यांगना अन्नू बिष्ट और किरण चंद की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं बॉलीवुड गायक तारीक किशोर के गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। मल्लिका सांस्कृतिक कला मंच के कलाकारों ने कुमाऊंनी और गढ़वाली लोकसंस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। इसके अलावा विभिन्न विभागों और संस्थाओं की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने।

विक्की योगी ने बताया कि मेले के चारों दिनों में निर्णायक मंडल की ओर से दर्शकों के बीच से मिस मेला क्वीन, मिसेज मेला क्वीन, बेस्ट ऑडियंस, बेस्ट कपल और बेस्ट किड्स का चयन किया जाएगा। विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मेले में प्रतिदिन दोपहर दो बजे से प्रदर्शनी स्टॉल, शाम पांच बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम और शाम सात बजे से बॉलीवुड नाइट का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में हैप्पी होम के प्रबंध निदेशक हैप्पी अटवाल, कौस्तुभ चंदोला, गायक प्रकाश चंद, समझ इंडिया के कोच एवं नेशनल चैंपियन मुकेश पाल, शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक रमेश शर्मा और हेम चंद्र भट्ट सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सिमरन कोहली ने किया।

अंत में विक्की योगी ने क्षेत्रवासियों से परिवार और मित्रों के साथ मेले में पहुंचकर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *