Bageshwar: गरुड़ तहसील के नर्गवाड़ी गांव में रविवार देर रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने अपने ही सगे चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची मृतक की बहू को भी आरोपी ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
कोतवाल कैलाश नेगी के अनुसार, रविवार देर रात ग्राम नर्गवाड़ी निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया पुत्र मथुरा दत्त खोलिया ने अपने सगे चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान घर में मौजूद पूरन चंद्र की बहू दया खोलिया पत्नी नवीन खोलिया ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस आपातकालीन सेवा 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र खोलिया (58) और उनकी पत्नी भगवती देवी (54) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दया खोलिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
दोहरी हत्या की इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी गोविंद बल्लभ फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं, जो उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस मामले की जांच के साथ फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
