Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Uttarakhand: काशीपुर में दो मेडिकल स्टोरों पर एसओटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद

Uttarakhand: काशीपुर में दो मेडिकल स्टोरों पर एसओटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कुमाऊं एसओटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मेडिकल स्टोरों से 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की हैं। इनमें ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम जैसी प्रतिबंधित दवाएं शामिल हैं। संयुक्त टीम ने एक मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है, जबकि दूसरे मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 30 अक्टूबर 2026 की देर शाम रेंज एसओटीएफ कुमाऊं, थाना आईटीआई पुलिस और औषधि निरीक्षक ऊधमसिंहनगर की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर खड़गपुर देवीपुरा क्षेत्र में दो मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की।

संयुक्त टीम ने खड़गपुर देवीपुरा स्थित कृष्णा मेडिकल स्टोर में चेकिंग की। यह मेडिकल स्टोर रोहित कुमार पुत्र नन्हें सिंह निवासी ग्राम मऊ, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद (हाल निवासी गिन्नी खेड़ा, थाना आईटीआई) संचालित करता है। चेकिंग के दौरान मेडिकल स्टोर से 2,344 ट्रामाडोल और 600 अल्प्राजोलम की प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ थाना आईटीआई में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है।

इसके बाद संयुक्त टीम ने घनश्याम सिंह पुत्र जीवाराम निवासी जसपुर द्वारा संचालित राधिका मेडिकल स्टोर की भी जांच की। यहां से 124 ट्रामाडोल और 139 अल्प्राजोलम की प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक ने मौके पर मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की, जबकि तहसीलदार ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।

दोनों मेडिकल स्टोरों से बरामद प्रतिबंधित दवाओं में 2,468 ट्रामाडोल और 739 अल्प्राजोलम की टैबलेट शामिल हैं। इस तरह संयुक्त टीम ने कुल 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की हैं।

इस कार्रवाई में प्रभारी एसओटीएफ कुमाऊं परिक्षेत्र मय टीम, उपनिरीक्षक बसंत पंत, कांस्टेबल धर्मेंद्र भारती और औषधि निरीक्षक नीरज कुमार मय टीम शामिल रहे।

पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *