Bhimtal: भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धारी ब्लॉक की ग्राम सभा लेटीबुंगा में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा की पहल पर श्रम विभाग द्वारा विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को खाद्य सामग्री, बच्चों की स्कूल किट सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि धारी ब्लॉक के 15 गांवों के ग्रामीणों को श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने और सामग्री प्राप्त करने के लिए पहले हल्द्वानी के चक्कर काटने पड़ते थे। इसके लिए उन्हें हजारों रुपये खर्च करने के साथ ही लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। कई बार समय और धन खर्च करने के बावजूद ग्रामीणों को खाली हाथ लौटना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए लेटीबुंगा में विशेष कैंप आयोजित कराया गया, ताकि श्रमिकों को गांव के नजदीक ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कर्मकार कल्याण बोर्ड एवं श्रम विभाग के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति, श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता, प्रसूति महिलाओं को सहायता तथा श्रमिक की मृत्यु होने पर उसके आश्रितों को आर्थिक सहायता जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
मंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए नैनीताल जनपद सहित भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में श्रम विभाग के विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से अधिक से अधिक पंजीकृत श्रमिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से सरकार और विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस दौरान ग्रामीणों और श्रमिकों ने गांव के नजदीक कैंप आयोजित कर सामग्री एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, संजय नयाल, हरेंद्र नयाल, प्रकाश चंद्र नानू, ललित शर्मा, गुड्डू नयाल, अनीता नयाल सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, श्रम विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
