Haldwani: उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 47वीं कार्य परिषद की बैठक शुक्रवार, 30 अक्टूबर को विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के आगामी 11वें दीक्षांत समारोह के आयोजन, विद्यार्थियों को उपाधि एवं स्वर्ण पदक प्रदान करने सहित शैक्षणिक, प्रशासनिक और वित्तीय मामलों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में शैक्षणिक सत्र 2025-2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को आगामी दीक्षांत समारोह में उपाधियाँ एवं स्वर्ण पदक प्रदान किए जाने से संबंधित प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही कार्य परिषद की पिछली 46वीं बैठक, जो 4 अगस्त 2026 को आयोजित हुई थी, के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई और पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा भी की गई।
इस दौरान पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. भूपेन सिंह के असाधारण अवकाश एवं अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी करने से संबंधित आवेदन पर विचार किया गया। वहीं, करियर अभिवर्धन योजना (CAS) के अंतर्गत भौतिकी विषय के प्राध्यापक प्रो. कमल देववाल की अकादमिक स्तर-14 में पदोन्नति की पात्रता तिथि में संशोधन के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। विश्वविद्यालय में अस्थायी आधार पर कैमरामैन एवं वीडियो एडिटर की नियुक्ति से संबंधित विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहा।
इसके अलावा विश्वविद्यालय वित्त समिति की 22वीं बैठक और विद्या परिषद की 37वीं बैठक की संस्तुतियों के अनुमोदन से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। वित्त समिति की बैठक 3 सितंबर 2026 और विद्या परिषद की बैठक 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित हुई थी। बैठक में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
कार्य परिषद की बैठक में हिमालयन चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, हल्द्वानी के अध्यक्ष रमेश चन्द्र बिन्जोला, समाज विज्ञान विद्याशाखा की निदेशक प्रो. रेनू प्रकाश, कम्प्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विद्याशाखा के निदेशक प्रो. जीतेन्द्र पाण्डेय, भौमिकी एवं पर्यावरण विज्ञान विद्याशाखा के निदेशक प्रो. पीडी पंत, डॉ. हरीश चन्द्र जोशी, डॉ. नीरजा सिंह, कुलसचिव खेमराज भट्ट और परीक्षा नियंत्रक प्रो. सोमेश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
वहीं, ऑनलाइन माध्यम से कुमाऊँ विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. बीएस राजपूत, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ की प्रो. योजना रावत, सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल्स लिमिटेड के सीईओ डॉ. अजय कुमार गुप्ता, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की प्रो. शची शाह, उत्तराखण्ड शासन के उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव प्रदीप मोहन नौटियाल तथा विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी सूर्यप्रताप सिंह ने बैठक में प्रतिभाग किया।
बैठक में विभिन्न प्रस्तावों और समितियों की संस्तुतियों पर हुई चर्चा को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता और संस्थागत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया। वहीं, आगामी 11वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों और विद्यार्थियों को उपाधि एवं स्वर्ण पदक प्रदान करने से जुड़े विषय बैठक के प्रमुख केंद्र में रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
