Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Uttarakhand: चमोली में बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार; सेना, SDRF और पुलिस ने संभाला मोर्चा

Uttarakhand: चमोली में बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार; सेना, SDRF और पुलिस ने संभाला मोर्चा
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा सामने आया। बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। हेलीकॉप्टर जब जोशीमठ घाटी के ऊपर से गुजर रहा था, तभी उसका संपर्क टूट गया। कुछ देर बाद जोशीमठ क्षेत्र के हाथी पर्वत और चाई गांव के आसपास हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सामने आई।

बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्रांतर्गत मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। भारतीय सेना की ओर से सबसे पहले चमोली के जिलाधिकारी को हादसे की सूचना दी गई, जिसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन के मुताबिक, श्री बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहे ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर के जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली है। हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गईं।

वहीं, अपर जिलाधिकारी चमोली विवेक प्रकाश ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा गया है। क्षेत्र में हेलीकॉप्टर की तलाश और राहत-बचाव के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

सीएम धामी ने लिया हादसे का संज्ञान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हेलीकॉप्टर हादसे पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जोशीमठ के निकट चाई गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की ओर से संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना की।

हेलीकॉप्टर में सवार लोगों के नाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में निम्न छह लोग सवार थे।

  • हिमांशु (पायलट)
  • प्रताप
  • अरुण
  • शंकर
  • सुधीर
  • एमएस नागाराजा

एसडीआरएफ की टीमें तत्काल रवाना

उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के अनुसार, एसडीएम जोशीमठ से दोपहर 2:21 बजे चाई गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग की सूचना प्राप्त हुई थी। यूकाडा कर्मचारियों के अनुसार, चाई गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर की लोकेशन दिखाई दे रही थी। इसके बाद एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीमें दोपहर 2:24 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर का कॉल साइन VT-HCX था। उड़ान के दौरान जोशीमठ घाटी के ऊपर हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया था। इसके साथ ही ट्रैकिंग सिस्टम भी हेलीकॉप्टर की लोकेशन ट्रैक करने में असमर्थ हो गया था।

हादसे के बाद एहतियात के तौर पर मैसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल प्रशासन और बचाव दलों की ओर से घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हादसे में सवार लोगों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *