Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haridwar: हरिद्वार में अभिनेत्री उर्मिला सनावर की जमानत पर टली सुनवाई, पुलिस से जांच आख्या मांगे जाने के बाद अदालत ने 31 अक्टूबर की तारीख की निर्धारित

Haridwar: हरिद्वार में अभिनेत्री उर्मिला सनावर की जमानत पर टली सुनवाई, पुलिस से जांच आख्या मांगे जाने के बाद अदालत ने 31 अक्टूबर की तारीख की निर्धारित
शेयर करे-

॰ हरिद्वार में रंगदारी और धमकी के मामले में जमानत अर्जी पर नहीं हो सकी सुनवाई, पुलिस से जांच आख्या मांगे जाने के बाद अदालत ने तय की अगली तारीख

Haridwar: अभिनेत्री उर्मिला सनावर को फिलहाल जेल में ही रहना होगा। हरिद्वार जिले की रानीपुर कोतवाली में दर्ज रंगदारी और धमकी के मामले में गुरुवार, 29 अक्टूबर को उनकी जमानत अर्जी पर अदालत में सुनवाई नहीं हो सकी। न्यायालय ने अब सुनवाई के लिए 31 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की है। लोक अभियोजक धर्मेंद्र आर्य ने इसकी पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मामले से संबंधित जांच आख्या अदालत में प्रस्तुत करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। इसी वजह से जमानत अर्जी पर सुनवाई स्थगित कर दी गई। उर्मिला सनावर के अधिवक्ता की ओर से अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की गई थी। इस पर न्यायालय ने रानीपुर कोतवाली पुलिस को मुकदमे से संबंधित जांच आख्या पेश करने के निर्देश दिए थे।

जानकारी के मुताबिक, ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर उनके और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक टिप्पणियां कीं।

इसके अलावा, व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने और पांच करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप भी लगाया गया। शिकायतकर्ता ने मांग पूरी नहीं होने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी कही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद 25 अक्टूबर को हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर स्थित उर्मिला सनावर के आवास पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें हरिद्वार लेकर आई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया।

न्यायालय ने उर्मिला सनावर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में रोशनाबाद जिला कारागार भेजने के आदेश दिए थे। इसके बाद उनके अधिवक्ता ने जमानत के लिए अर्जी दाखिल की। गुरुवार को इस पर सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन पुलिस की ओर से जांच आख्या प्रस्तुत करने के लिए समय मांगे जाने के चलते सुनवाई टल गई। अब 31 अक्टूबर को अदालत में जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी।

अभिनेत्री उर्मिला सनावर इससे पहले अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी सुर्खियों में आई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी और पूर्व विधायक सुरेश राठौर के बीच मोबाइल पर हुई कथित बातचीत का एक ऑडियो जारी किया था। इस ऑडियो को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में काफी हलचल मची थी। इसमें कथित वीआईपी का मुद्दा सामने आने के बाद विपक्षी दलों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मामले को लेकर सवाल उठाए थे।

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले की जांच सीबीआई द्वारा किए जाने की बात भी सामने आई है। फिलहाल, रंगदारी और धमकी के मामले में उर्मिला सनावर की जमानत पर अगली सुनवाई 31 अक्टूबर को होगी।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *