Haridwar: हरिद्वार जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और एक संदिग्ध बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। शाहीपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध लोडर टेंपो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिसकर्मियों पर टेंपो चढ़ाने की कोशिश करते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर पुलिस टीम के साथ शाहीपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने टेंपो रोकने के बजाय पुलिस टीम को टक्कर मारने का प्रयास किया और खानपुर की ओर भाग निकला।
चौकी प्रभारी ने तत्काल इसकी सूचना खानपुर कोतवाली पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध टेंपो की तलाश शुरू की। धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के पास पुलिस ने टेंपो को घेर लिया। खुद को घिरता देख चालक टेंपो सड़क पर छोड़कर पास के गन्ने के खेत में जा छिपा।
पुलिस का कहना है कि खेत में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके से पकड़ लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी लक्सर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रुड़की के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे। पूछताछ में आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र खलील, निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली सिविल लाइन रुड़की के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी क्षेत्र के एक मंदिर में हुई चोरी के मामले में फरार चल रहा था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की विस्तृत जांच और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास समेत मुठभेड़ से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि खानपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान टेंपो चालक ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है और घायल को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।

Chief Editor, Aaj Khabar

