Nainital: नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक स्थित वारी गांव के ग्रामीणों का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से कटना से वारी तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए शासन ने 84 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इसके लिए शासनादेश भी जारी हो चुका है।
वारी गांव के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। गांव में किसी व्यक्ति के बीमार होने पर उसे घोड़े या कंधे के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता था। वहीं, किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में होने वाला किराया-भाड़ा उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा खर्च कर देता था।
ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों के सामने सड़क निर्माण की मांग रखी, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मुलाकात कर मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठाई।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने सबसे पहले मोटर मार्ग निर्माण के लिए वन एवं पर्यावरण विभाग से आवश्यक स्वीकृति दिलाने की पहल की। इसके बाद राज्य योजना के अंतर्गत विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
मंत्री कैड़ा के प्रयासों से कटना से वारी तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए शासन ने लगभग 84 लाख रुपये की धनराशि मंजूर कर दी है। शासनादेश जारी होने के बाद मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द निविदा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जा सके।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन, स्वास्थ्य सुविधाओं और कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र का हर गांव सड़क सुविधा से जुड़ सके और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
वहीं, सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
