Srinagar: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार सुबह से जारी मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट मारा गया। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह कश्मीर घाटी में सक्रिय बचे आखिरी स्थानीय लश्कर आतंकियों में से एक था। सुरक्षा बलों ने उसे घेरने के बाद आत्मसमर्पण का मौका दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी।
कश्मीर जोन पुलिस ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुठभेड़ की जानकारी साझा की। पुलिस की शुरुआती पोस्ट में मुठभेड़ स्थल से एक आतंकी का शव और हथियार बरामद होने की बात कही गई थी। उस समय मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी बताई गई थी। बाद में अधिकारियों ने लतीफ भट के मारे जाने की पुष्टि की।
कुलगाम के एसएसपी अनायत अली के मुताबिक, खुफिया सूचनाओं के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाया था। इस दौरान लतीफ भट को इलाके में घेर लिया गया। अधिकारियों ने उसे आत्मसमर्पण के लिए मनाने की कई कोशिशें कीं। एसएसपी ने खुद वीडियो कॉल के जरिए उससे बात की और उसे मुख्यधारा में लौटने तथा अपनी जिंदगी दोबारा शुरू करने का मौका देने की अपील की, लेकिन आतंकी ने हथियार डालने से इनकार कर दिया।
पुलिस के अनुसार, लतीफ भट एक मस्जिद में घुस गया और बुधवार तड़के करीब 2:45 बजे फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए संयम बरता और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अभियान चलाया। अधिकारियों का कहना था कि प्राथमिकता आतंकी को निष्क्रिय करने के साथ धार्मिक स्थल को कम से कम नुकसान पहुंचाना था।
गौरतलब है कि सोमवार को इसी इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने आतंकी उमर निसार डार को मार गिराया था, जबकि लतीफ भट घेराबंदी तोड़कर भागने में कामयाब हो गया था। इसके बाद से ही सुरक्षा बल उसकी तलाश में व्यापक तलाशी अभियान चला रहे थे।
जांच के अनुसार, उमर निसार डार ने कथित तौर पर लतीफ भट को करीब छह महीने तक पनाह और अन्य मदद उपलब्ध कराई थी। दोनों पर 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले से पहले इलाके की रेकी करने का भी आरोप था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे।
अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। उसके खिलाफ कई आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप थे। सुरक्षा अधिकारियों ने इस कार्रवाई को वर्ष 2026 की बड़ी सफलताओं में से एक बताया है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
