Uttarakhand: उत्तराखंड में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुए दो भीषण सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। रुद्रप्रयाग और टिहरी गढ़वाल जिले में हुए इन हादसों में अब तक 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रही बारातियों की जीप गहरी खाई में जा गिरी। वहीं, दूसरा हादसा टिहरी गढ़वाल के गूलर में हुआ, जहां हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे गदेरे में गिर गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसों पर गहरा दुख जताया है।
अगस्त्यमुनि में बारातियों की जीप खाई में गिरी, चार की मौत
रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में सोमवार रात करीब 9 बजे दर्दनाक हादसा हुआ। पोखरी में शादी समारोह संपन्न होने के बाद बारातियों को लेकर लौट रही जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चार की हालत बेहद नाजुक बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेस अस्पताल श्रीनगर गढ़वाल रेफर किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। रात में अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दुर्घटना के बाद रांसी, गोंडार और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां हादसे ने मातम पसार दिया।
गूलर में पुल से नीचे गदेरे में गिरी यात्री बस, नौ की मौत
अगस्त्यमुनि हादसे की खबर से लोग उबरे भी नहीं थे कि मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे टिहरी गढ़वाल जिले के गूलर में एक और बड़ा सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर आगे देवप्रयाग की ओर गूलर के पास यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की यह बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी। बस में चालक और परिचालक सहित कुल 34 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे यात्रियों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम के साथ मुनि की रेती पुलिस, गुलर, शिवपुरी और व्यासी चौकी की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस, प्रशासन और फायर सर्विस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि बस हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। ऋषिकेश में कुछ देर रुकने के बाद बस आगे बढ़ी, लेकिन करीब 20 किलोमीटर आगे गूलर के पास पुल से नीचे नदी में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गई थीं। रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है। घायलों में 18 लोगों को एम्स ऋषिकेश और सात लोगों को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
मुनि की रेती थाने के इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने भी हादसे में नौ लोगों की मौत और 25 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।
राष्ट्रपति, पीएम और सीएम ने जताया दुख
टिहरी गढ़वाल के गूलर में हुए भीषण बस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
