॰ 23 कमजोर विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस, संगठनात्मक मजबूती से लेकर जनता के बीच पहुंच बनाने तक तैयार होगी चुनावी रणनीति
Dehradun: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार सत्ता में वापसी के साथ इस बार पहले से बड़ी जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ पार्टी ने संगठन को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू कर दी है। भाजपा का फोकस सांगठनिक मजबूती, कमजोर विधानसभा क्षेत्रों में पकड़ मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर है। प्रदेश प्रभारी राम माधव ने दावा किया है कि पार्टी 2027 के चुनाव में वर्ष 2017 और 2022 से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में तीन अहम बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के भावी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी गंभीरता से तैयारियों में जुटी है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की उपस्थिति में चुनावी योजना और रणनीति पर चर्चा की गई है। कांग्रेस की तैयारियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में फिलहाल अंदरूनी लड़ाई चल रही है, जिसे रोकने के लिए वहां रणनीति बनाई जा रही है, जबकि भाजपा जनता का अधिक से अधिक आशीर्वाद प्राप्त करने की तैयारी कर रही है।
वहीं, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि पार्टी चुनावी दृष्टि से पूरी तरह सक्रिय है। बैठकों में विधानसभा क्षेत्रवार स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं और उनके समाधान के साथ ही सरकार की उपलब्धियों का अलग-अलग संकलन तैयार करने पर चर्चा हुई। समाज के सभी वर्गों और जातियों तक पहुंच बनाने के लिए विशेष आउटरीच कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद और संगठनात्मक सक्रियता को भी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिन 23 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था, उन क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों का विशेष आकलन किया गया है। इन सीटों पर पार्टी अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए अलग रणनीति तैयार करेगी। इसके अलावा दिसंबर में प्रस्तावित सांगठनिक कार्यक्रमों, पार्टी के रिपोर्ट कार्ड, मीडिया सेंटर की शुरुआत और 21-22 नवंबर को आयोजित होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के साथ ही पार्टी की कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है। इन बैठकों के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में काम किया जाएगा।
बैठकों में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित केंद्रीय और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
