Haldwani: उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जनआंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में रविवार को काठगोदाम के नारीमन चौराहे पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी काठगोदाम और हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने हस्ताक्षर कर की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता को एकजुट करने और सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
अभियान के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड में भ्रष्टाचार एक गंभीर जनसमस्या बन चुका है। सरकार एक ओर जीरो टॉलरेंस की बात करती है, जबकि दूसरी ओर सरकार में शामिल लोगों और मंत्रियों पर गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन आरोपों पर सरकार को चुप्पी तोड़कर जनता के सामने जवाब देना चाहिए।
सुमित हृदयेश ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पति की ओर से लगभग 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार में शामिल लोगों पर गंभीर आरोप लग रहे हैं, तो उनकी जवाबदेही तय करने में देरी क्यों हो रही है?
विधायक ने कहा कि भ्रष्टाचार केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं है, बल्कि यह जनता के विश्वास, अधिकारों और प्रदेश के भविष्य से जुड़ा सवाल है। सरकारी धन जनता की मेहनत की कमाई है और उसका इस्तेमाल विकास एवं जनकल्याण के कार्यों में होना चाहिए। उन्होंने सरकारी विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई को केवल हस्ताक्षर अभियान तक सीमित नहीं रखेगी। प्रदेश में जनहित से जुड़े मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाया जाएगा और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए आम जनता की भागीदारी जरूरी है। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर सामूहिक आवाज बुलंद करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी काठगोदाम के अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सरकारी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। इसे आगे भी व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हेमंत बगड़वाल, बहादुर बिष्ट, यशपाल आर्य, गिरीश तिवारी, हरीश बलुटिया, भुवन तिवारी, किशन अनेरिया, आनंद कुंजरवाल, कमल पपनै, मनोज बिष्ट, बासित खान, प्रदीप कुमार, राजा राणा, गिरीश पांडे, राजू रावत, प्रदीप बिष्ट, दिवेश तिवारी, गुरप्रीत सिंह, किशन लाल, बंटी रहमान, लाल सिंह पवार, बबलू बिष्ट, कुंदन बिष्ट, कातिल अख्तर, राहुल सिंह, निर्मला बिष्ट, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, गीता बहुगुणा, भगवती जोशी, भगवती बिष्ट, नीमा भट्ट, शकुंतला देवी, दीपा खत्री, पवन शाह, संजय बिष्ट, उदित करायत और पवन गुप्ता सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
