Haldwani: भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती और बाल दिवस के अवसर पर महानगर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। साथ ही राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनके विचारों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू स्वतंत्र भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने देश को आधुनिक, वैज्ञानिक और प्रगतिशील दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा, विज्ञान, औद्योगिक विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के चलते ही उनके जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि युवा पीढ़ी चाचा नेहरू के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करे तथा प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, समान अवसर और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराने के उनके सपने को साकार करने में योगदान दे।
जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि पंडित नेहरू का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने स्वतंत्र भारत की मजबूत नींव रखने के साथ ही देश को विकास और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ाया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। बाल दिवस हमें प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक समरसता को प्राथमिकता दी। उन्होंने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान मिले। आज उनके विचारों को केवल याद करना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में अपनाना भी जरूरी है। बाल दिवस बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण और उनके अधिकारों के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, प्रकाश पांडे, नरेश अग्रवाल, मलय बिष्ट, मधु सांगुड़ी, शोभा बिष्ट, जगमोहन चिलवाल, हरेंद्र क्वीरा, जाकिर हुसैन, गिरीश पांडे, गोविंद बगड़वाल, राजेंद्र उपाध्याय, संदीप भैसोड़ा, प्रदीप नेगी, संजू उप्रेती, कौशलेंद्र भट्ट, दिवेश तिवारी और विनोद कुमार सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
