Haldwani: एमबीपीजी कॉलेज में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप और प्राध्यापक के साथ मारपीट की घटना के विरोध में मंगलवार को कॉलेज के प्राध्यापकों ने कार्य बहिष्कार किया। प्राध्यापकों ने मामले में निष्पक्ष जांच कराने और आरोपों की सच्चाई सामने लाने की मांग उठाई।
दरअसल, एमबीपीजी कॉलेज की बीएससी की एक छात्रा ने प्राध्यापक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कॉलेज की आंतरिक शिकायत समिति (पॉश कमेटी) में शिकायत दर्ज कराई थी। सोमवार को मामला सामने आने के बाद छात्रा के सहपाठियों ने कॉलेज परिसर में संबंधित प्राध्यापक को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। छात्रों ने शिक्षक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर प्राध्यापक को छात्रों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद पुलिस आरोपी शिक्षक और छात्रा को कोतवाली ले गई। बताया गया कि शिक्षक की ओर से माफी मांगने के बाद छात्रा ने प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
इधर, घटना के विरोध में मंगलवार को कॉलेज के प्राध्यापकों ने कार्य बहिष्कार कर अपना विरोध जताया। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोप की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है। प्राध्यापकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
