Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Nainital: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटा नैनीताल प्रशासन, डीएम ललित मोहन रयाल ने 56 नोडल और 108 सहायक नोडल अधिकारी किए नियुक्त

Nainital: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटा नैनीताल प्रशासन, डीएम ललित मोहन रयाल ने 56 नोडल और 108 सहायक नोडल अधिकारी किए नियुक्त
शेयर करे-

Nainital: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए 56 नोडल अधिकारियों तथा 108 सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। इन अधिकारियों को कुल 38 विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण, ईवीएम-वीवीपैट प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन, मतदाता जागरूकता और निर्वाचन व्यय निगरानी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के लिए अधिकारियों को नामित किया गया है।

मतदान कार्मिक प्रबंधन के लिए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रशिक्षण प्रबंधन की जिम्मेदारी परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास को सौंपी गई है। आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

परिवहन प्रबंधन के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एवं जिला पूर्ति अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, ईवीएम प्रबंधन एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई भीमताल को सौंपी गई है। निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण के लिए मुख्य कोषाधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

मतपत्र एवं डाकपत्र प्रबंधन के लिए नगर आयुक्त नगर निगम को जिम्मेदारी दी गई है। ईटीपीबीएस की प्राप्ति, वितरण एवं प्रेषण के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी और सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विशाल प्रसाद को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। लेखन सामग्री एवं प्रपत्रों की छपाई के लिए वरिष्ठ कीट एवं मौनपालन केंद्र ज्योलीकोट को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मीडिया सेल, एमसीएमसी एवं पेड न्यूज की निगरानी के लिए अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम और सहायक परियोजना अधिकारी ग्राम विकास को नोडल अधिकारी बनाया गया है। कंप्यूटरीकरण, मोबाइल एप एवं आईटी एप्लीकेशन के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मतदाता जागरूकता के लिए संचालित स्वीप कार्यक्रम की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी एवं निदेशक उच्च शिक्षा को सौंपी गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड तथा जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए निर्वाचन संबंधी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करेंगे और प्रगति की जानकारी नियमित रूप से जिला निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *