Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Nainital: डीएम रयाल ने तय की स्थापना दिवस समारोह की रूपरेखा, नैनीताल में मैराथन से लेकर हिमालय फूड फेस्टिवल तक होंगे भव्य आयोजन

Nainital: डीएम रयाल ने तय की स्थापना दिवस समारोह की रूपरेखा, नैनीताल में मैराथन से लेकर हिमालय फूड फेस्टिवल तक होंगे भव्य आयोजन
शेयर करे-

Nainital: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की वर्षगांठ को भव्य रूप से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में समारोह की रूपरेखा तय की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख राजकीय भवनों को एलईडी लाइटों से रोशन किया जाएगा। इसके साथ ही कुमाऊं मंडल विकास निगम के कार्यालयों और पर्यटक आवास गृहों को भी आकर्षक ढंग से प्रकाशित किया जाएगा।

राज्य स्थापना दिवस पर नैनीताल और हल्द्वानी में मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। नैनीताल में मैराथन डीएसए मैदान मल्लीताल से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए वापस डीएसए मैदान में संपन्न होगी। वहीं, हल्द्वानी में गौलापार स्टेडियम से मैराथन शुरू होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए स्टेडियम में समाप्त होगी। मैराथन में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी और एनएसएस कैडेट भी प्रतिभाग करेंगे। दोनों स्थानों पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

स्थापना दिवस पर सुबह 9 बजे तल्लीताल स्थित राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय प्रताप सिंह शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और शहर के गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी। नगर पालिका को स्मारक की साफ-सफाई, रंग-रोगन और पुष्पमालाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य स्थापना दिवस का मुख्य समारोह सुबह 10 बजे डीएसए मैदान नैनीताल में आयोजित होगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता शुरू होगी। वहीं, दोपहर 1 बजे से डीएसए मैदान में हिमालय फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इसमें पहाड़ के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजनों के विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से मंच, स्टॉल, साउंड सिस्टम, लाइटिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर में विशेष सफाई अभियान चलाने, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था और अतिथि सत्कार सुनिश्चित करने को कहा गया।

समारोह को आकर्षक बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड प्रस्तुति, झांकियां और छोलिया नृत्य सहित विभिन्न प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसके लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी, संस्कृति विभाग और सूचना विभाग को आपसी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ अस्वाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार पंत, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, जिला पर्यटन अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, सीओ नैनीताल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *