Haldwani: कुमाऊँ क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में चंदन हॉस्पिटल, हल्द्वानी ने महत्वपूर्ण पहल की है। अस्पताल प्रबंधन ने 2 नवंबर 2026 से सभी विशेषज्ञ (ब्रॉड स्पेशियलिटी) और सुपर स्पेशियलिटी विभागों की ओपीडी में डॉक्टरों का परामर्श पूरी तरह निःशुल्क करने की घोषणा की है। इस पहल से हल्द्वानी समेत पूरे कुमाऊँ क्षेत्र के मरीजों को अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों से बिना परामर्श शुल्क के चिकित्सा सलाह मिल सकेगी।
अस्पताल की इस विशेष पहल का उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह को अधिक सुलभ बनाना है। इसके तहत हड्डी रोग, सामान्य शल्य चिकित्सा, स्त्री एवं प्रसूति रोग, सामान्य चिकित्सा, फेफड़े एवं श्वसन रोग, बाल रोग और हृदय रोग सहित सभी प्रमुख चिकित्सा विभागों में निःशुल्क ओपीडी परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा हृदय एवं वक्ष शल्य चिकित्सा, गुर्दा रोग, मूत्र रोग, पेट एवं पाचन तंत्र रोग, न्यूरोसर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी समेत अन्य सभी विशेषज्ञ और सुपर स्पेशियलिटी विभागों के चिकित्सकों से भी मरीज निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, ओपीडी सेवाओं का समय प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह सुविधा 2 नवंबर से शुरू होगी।
चंदन हॉस्पिटल प्रबंधन ने हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से इस पहल का लाभ उठाने की अपील की है। अस्पताल का कहना है कि वह कुमाऊँ क्षेत्र के लोगों को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
