Haldwani: अधिवक्ताओं के सम्मान और सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने हल्द्वानी बार एसोसिएशन के लिए 20 नए चैंबरों के निर्माण की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का अधिवक्ता समुदाय ने स्वागत करते हुए इसे अधिवक्ताओं की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
दरअसल, शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर हल्द्वानी में अधिवक्ताओं के बैठने की सुविधा के लिए निर्मित टीन शेड ब्लॉक-ए का लोकार्पण विधायक सुमित हृदयेश ने किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर जिला जज हल्द्वानी सुजीत कुमार मौजूद रहे। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद हल्द्वानी बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में अधिवक्ताओं ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने अधिवक्ता समुदाय के साथ अपने परिवार के पुराने और आत्मीय संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार का अधिवक्ताओं के साथ हमेशा से गहरा जुड़ाव रहा है। उनकी माता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश ने भी अपने कार्यकाल के दौरान हल्द्वानी बार एसोसिएशन के विकास और अधिवक्ताओं की सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। बार एसोसिएशन में ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, अधिवक्ताओं के बैठने के लिए कक्ष और चैंबरों के निर्माण में उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के प्रति उनके परिवार का सम्मान और सहयोग आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इसी क्रम में विधायक सुमित हृदयेश ने अधिवक्ताओं की बढ़ती संख्या और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी बार एसोसिएशन के लिए 20 नए चैंबरों के निर्माण की घोषणा की। इस घोषणा को अधिवक्ताओं के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
वहीं, बार एसोसिएशन हल्द्वानी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने अधिवक्ताओं के बैठने की बेहतर व्यवस्था के लिए टीन शेड के तीन सेटों के निर्माण में विधायक की सहभागिता और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बैठने और न्यायिक कार्यों से जुड़ी गतिविधियों के संचालन के लिए पर्याप्त स्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही है। उन्होंने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए 20 नए चैंबरों के निर्माण की मांग विधायक के समक्ष रखी, जिस पर विधायक ने घोषणा की।
कार्यक्रम का संचालन बार एसोसिएशन के सचिव मोहन सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर एडीजे धर्मेंद्र अधिकारी, एडीजे पॉक्सो सविता चमोली सहित समस्त पीठासीन अधिकारी, बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष ललित मेर, बसंती बिष्ट, सुधांशु तिवारी, गौरव कपूर, वानु कबडाल, लोकेश राज, गौरव बिष्ट, कैलाश पाठक, सुनीता भट्ट, मयंक प्रकाश, तहजीब बानो, नीलम गोस्वामी, रिंकी आर्य, बार काउंसिल उत्तराखंड के सदस्य मेहरबान सिंह कोरंगा, पूर्व अध्यक्ष राम सिंह बसेड़ा, मुकेश तिवारी, बसंत जोशी, जगत सिंह घुड़दौड़ा, किशोर पंत, विनीत परिहार, सुनील पुंडीर, चंदन अधिकारी, सुरेश परिहार, योगेंद्र पाठक, योगेश लोहनी, मोहम्मद यूसुफ, जेएन महतोलिया, जेके शर्मा, रंजीत डसीला, किशोर जोशी, जयवीर सिंह, कोमल जैसवाल, गोविंद डंगवाल, राजेंद्र क्वीरा, विनीत नोगई, मोहित मैनाली सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
