Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Uttarakhand: बर्फबारी के चलते बद्रीनाथ में फंसे रहे पांच श्रद्धालु, मौसम खुलने पर भरी उड़ान लेकिन रास्ते में हेलिकॉप्टर हादसे ने छीन ली छह जिंदगियां

Uttarakhand: बर्फबारी के चलते बद्रीनाथ में फंसे रहे पांच श्रद्धालु, मौसम खुलने पर भरी उड़ान लेकिन रास्ते में हेलिकॉप्टर हादसे ने छीन ली छह जिंदगियां
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में शुक्रवार को हुए दर्दनाक हेलिकॉप्टर हादसे में छह लोगों की जान चली गई। हादसे में कर्नाटक के पांच श्रद्धालुओं और दिल्ली निवासी 48 वर्षीय पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल की मौत हो गई। सभी लोग बद्रीनाथ धाम से हेलिकॉप्टर के जरिए देहरादून के सहस्रधारा के लिए रवाना हुए थे, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया और कुछ समय बाद पहाड़ी पर उसका मलबा बरामद हुआ।

जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक से आए पांच श्रद्धालु गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हेलिकॉप्टर से बद्रीनाथ धाम पहुंचे थे। दर्शन करने के बाद उन्होंने आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने उसी दिन वापस देहरादून लौटने की इच्छा जताई थी। हालांकि, गुरुवार को मौसम अचानक खराब हो गया। बद्रीनाथ सहित चारों धामों में बर्फबारी होने के कारण हेली सेवाएं बंद करनी पड़ीं, जिसके चलते श्रद्धालु वापस नहीं लौट सके।

हेली सेवा से जुड़े एक कर्मचारी के अनुसार, श्रद्धालुओं ने आसपास घूमने के बाद वापस लौटने के संबंध में जानकारी ली थी। वे गुरुवार को ही देहरादून जाना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद उन्हें शुक्रवार तक इंतजार करना पड़ा।

शुक्रवार को मौसम में कुछ सुधार हुआ, लेकिन खराब दृश्यता (विजिबिलिटी) के चलते उड़ान में देरी हुई। दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर हेलिकॉप्टर ने बद्रीनाथ हेलीपैड से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी। हेलिकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल समेत कर्नाटक के पांच श्रद्धालु सवार थे।

उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया। दोपहर करीब 2 बजे उसकी लोकेशन भी दिखाई देना बंद हो गई। इसके बाद अंतिम लोकेशन के आधार पर तत्काल दो हेलिकॉप्टर तलाश के लिए भेजे गए। दोपहर 2 बजकर 24 मिनट पर एसडीआरएफ की टीमें जोशीमठ और पांडुकेश्वर से घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

दोपहर करीब 3 बजे पहाड़ी की चट्टानों पर हेलिकॉप्टर का मलबा मिला। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। शाम करीब 5 बजे पायलट समेत हेलिकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई।

Uttarakhand

हादसे का वीडियो आया सामने

इस दर्दनाक हादसे का एक वीडियो भी सामने आया, जिसे पहाड़ी पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड किया था। वीडियो में हेलिकॉप्टर ऊंचाई से नीचे की ओर गिरता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर पहाड़ी की चट्टानों पर गिरा और टकराते ही उसमें आग लग गई। हादसे के दृश्य बेहद भयावह बताए जा रहे हैं।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *