Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Uttarakhand: बाबा केदार की पहाड़ियों पर फिर बिछी बर्फ की सफेद चादर, 10 जिलों में येलो अलर्ट

Uttarakhand: बाबा केदार की पहाड़ियों पर फिर बिछी बर्फ की सफेद चादर, 10 जिलों में येलो अलर्ट
शेयर करे-

Uttarakhand: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में एक बार फिर बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। धाम की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फीली वादियों में तब्दील नजर आ रहा है। बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु बर्फबारी से उत्साहित हैं, लेकिन तापमान में गिरावट के कारण उन्हें कड़ाके की ठंड का सामना भी करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने धाम में अलाव की व्यवस्था की है।

गुरुवार सुबह से ही रुद्रप्रयाग जनपद में मौसम का मिजाज बदल गया। जिले के कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि केदारनाथ धाम समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई। इससे तीन दिन पहले भी धाम में बर्फबारी हुई थी। दोबारा बर्फ गिरने से ठंड और बढ़ गई है। पहाड़ियों पर जमी बर्फ के बीच श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए पहुंचते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।

केदारनाथ धाम में लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील कर रहा है। यात्रियों को गर्म कपड़े, जैकेट, दस्ताने, टोपी और आवश्यक दवाइयां साथ रखने की सलाह दी गई है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा पर रवाना होने से पहले मौसम की स्थिति और संबंधित विभागों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी जरूर लें। मौसम खराब होने पर अनावश्यक जोखिम उठाने से बचें और प्रशासन व पुलिस के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का जोर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यात्रा को सुगम बनाए रखने पर है।

उत्तराखंड में मौसम के बदलते मिजाज के बीच देहरादून मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

वहीं, करीब 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *