Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Uttarakhand: राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में चौहान अकादमी की बेटियों का दबदबा, छह पदक जीतकर उत्तराखंड का बढ़ाया मान

Uttarakhand: राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में चौहान अकादमी की बेटियों का दबदबा, छह पदक जीतकर उत्तराखंड का बढ़ाया मान
शेयर करे-

Uttarakhand: 19वीं राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप 2026 में चौहान सेल्फ डिफेंस अकादमी, श्री नानकमत्ता साहिब की तीन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र और उत्तराखंड का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया स्टेडियम में 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में कर्णिका कांडपाल, हरमंनदीप कौर और लक्षिता जोशी ने मल युद्ध एवं नगी श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। तीनों खिलाड़ियों की सफलता से अकादमी और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

कर्णिका कांडपाल ने दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। हरमंनदीप कौर ने मल युद्ध में स्वर्ण और नगी श्रेणी में रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, लक्षिता जोशी ने मल युद्ध में स्वर्ण तथा नगी श्रेणी में कांस्य पदक जीतकर अकादमी की उपलब्धियों में योगदान दिया।

खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट और भाजपा नेता ललित सिंह बोरा ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के दौरान ग्रैपलिंग उत्तराखंड के जनरल सेक्रेटरी नवीन रियाल एवं ग्रैपलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बलवंत ने पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

चौहान सेल्फ डिफेंस अकादमी की संस्थापक चंद्रा देवी और मुख्य कोच किशन सिंह चौहान ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।

तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को खेल के प्रति उनकी लगन, समर्पण और मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। छह पदक जीतकर उन्होंने न केवल चौहान सेल्फ डिफेंस अकादमी, बल्कि श्री नानकमत्ता साहिब और पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *