Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Uttarakhand: गैरसैंण विधानसभा सत्र आज से शुरू, 7 हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट और आठ विधेयक होंगे पेश

Uttarakhand: गैरसैंण विधानसभा सत्र आज से शुरू, 7 हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट और आठ विधेयक होंगे पेश
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मंगलवार से धामी सरकार का अंतिम विधानसभा सत्र शुरू होगा। दो दिवसीय सत्र के पहले दिन पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी और पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर सदन में श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद भोजनावकाश के बाद सरकार सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी। चुनावी वर्ष में आयोजित इस सत्र को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा सत्र आयोजित करने को प्राथमिकता दी है। इससे पहले फरवरी में भी गैरसैंण में बजट सत्र आयोजित किया गया था, जिसने सबसे अधिक समय तक चलने का रिकॉर्ड बनाया था। अब चुनावी वर्ष में सरकार ने अपना अंतिम सत्र भी गैरसैंण में कराने का निर्णय लिया है। हालांकि, इस बार सत्र की अवधि केवल दो दिन निर्धारित की गई है।

विधानसभा सचिवालय ने सत्र के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सरकार और विपक्ष के विधायक भी गैरसैंण पहुंच चुके हैं। पहले दिन सदन की कार्यवाही दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने के साथ शुरू होगी। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य उनके राजनीतिक योगदान और संस्मरणों को साझा कर उन्हें याद करेंगे।

पहले दिन प्रश्नकाल निर्धारित नहीं होने के कारण सदन की शुरुआती कार्यवाही अपेक्षाकृत शांत रहने की संभावना है। हालांकि, विपक्ष ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। इसके साथ ही अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी सदन में उठ सकता है। ऐसे में सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।

दो दिवसीय सत्र में सरकार की ओर से आठ विधेयक सदन के पटल पर रखे जाएंगे। इनमें समान नागरिक संहिता, उत्तराखंड जनविश्वास अधिनियम संशोधन विधेयक और उत्तराखंड माल एवं सेवा कर अधिनियम से संबंधित विधेयक शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों और बोर्डों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन में प्रस्तुत की जाएगी।

चुनावी वर्ष में धामी सरकार के इस अंतिम विधानसभा सत्र में अनुपूरक बजट के साथ कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य प्रस्तावित हैं। जहां सरकार बजट और विधेयकों के माध्यम से अपनी प्राथमिकताएं सामने रखेगी, वहीं विपक्ष जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने का प्रयास करेगा।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *