Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: नार्थ जोन मुए थाई चैंपियनशिप में उत्तराखंड का दमदार प्रदर्शन, 30 पदकों के साथ बढ़ाया राज्य का गौरव

Dehradun: नार्थ जोन मुए थाई चैंपियनशिप में उत्तराखंड का दमदार प्रदर्शन, 30 पदकों के साथ बढ़ाया राज्य का गौरव
शेयर करे-

Dehradun: जम्मू यूनिवर्सिटी के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित नार्थ जोन मुए थाई चैंपियनशिप-2026 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम ने 18 स्वर्ण, 5 रजत और 7 कांस्य पदकों सहित कुल 30 पदक अपने नाम किए। यह प्रदर्शन राज्य की मुए थाई टीम के अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में शामिल है।

मुए थाई एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सतीश जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ राज्यों के 528 चयनित खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उत्तराखंड की ओर से 23 मुए थाई फाइटर्स ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 30 पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया।

उन्होंने बताया कि मेघालय में अगले वर्ष मार्च में आयोजित होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों में मुए थाई को शामिल किए जाने से देशभर के खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के ओलंपिक संघों ने इस खेल को अपने-अपने राज्यों में मान्यता प्रदान कर दी है। उन्होंने उत्तराखंड ओलंपिक संघ से भी मुए थाई को जल्द मान्यता देने की अपील की, ताकि प्रदेश के खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक पदक जीत सकें।

प्रतियोगिता में सूर्यांशु कैंतुरा, तेजस सिंह, सौम्या गैरोला और मन्नत ने मुए थाई की दोनों स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हुए दो-दो स्वर्ण पदक जीते। वहीं संचिता पोखरियाल, अश्मिका कुकरेती, स्वराज गैरोला, मनश्वी पंवार, शशांक और चांदनी ने स्वर्ण पदक हासिल किए। नितिका पंत और तनुश्री लटवाल ने एक-एक स्वर्ण और रजत पदक जीता।

हिमानी मेर, कुंदन और माधव ने रजत पदक हासिल किए। वहीं अनमोल ममगाई, वंश बोरा, तरुण, वेदांत बिष्ट, अर्पिता आर्य और आदित्य लटवाल ने कांस्य पदक जीतकर टीम की सफलता में योगदान दिया।

उत्तराखंड की टीम ने मुख्य कोच एवं विश्व विजेता खिलाड़ी प्रज्ञा जोशी, सहायक कोच दीपांशु रौतेला, टीम मैनेजर यशपाल भट्ट और राष्ट्रीय रेफरी दीपक नौटियाल के नेतृत्व में यह शानदार उपलब्धि हासिल की।

प्रदेश के खिलाड़ियों की इस सफलता पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या, संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री एवं सांसद अजय भट्ट, उत्तराखंड राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बुटोला, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, मीडिया सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष धीरेंद्र पंवार और मुए थाई एसोसिएशन के महासचिव नीलेश जोशी ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *