Uttarakhand: उत्तराखंड के टिहरी जिले में आयोजित कुंजापुरी मेले में मशहूर गायक दलेर मेहंदी के कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। मंच पर दलेर मेहंदी के ठीक से गाना नहीं गा पाने को लेकर नरेंद्रनगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नाराजगी जताई थी। अब इस मामले में दलेर मेहंदी के छोटे भाई और मशहूर गायक मीका सिंह उनके समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर भाई का बचाव किया और शराब पीने के आरोपों पर सवाल उठाए।
मंगलवार, 20 अक्टूबर को मीका सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने दलेर मेहंदी पर शराब पीकर कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के आरोपों को गलत बताया। मीका ने कहा कि उनके बड़े भाई पिछले 30 वर्षों से सुपरस्टार हैं, लेकिन क्या किसी ने उन्हें कभी शराब पीते हुए देखा है?
उन्होंने कहा कि दलेर मेहंदी की निजी जिंदगी और उनके व्यवहार को जानने वाले लोगों को इस तरह के आरोप लगाने से पहले तथ्यों पर ध्यान देना चाहिए। मीका ने सवाल किया कि जब किसी ने उन्हें शराब पीते हुए नहीं देखा, तो उनके नशे में होने का दावा कैसे किया जा सकता है।
मीका सिंह ने कहा कि कलाकार कई बार अपनी प्रतिबद्धता के कारण खराब स्वास्थ्य में भी कार्यक्रम करने पहुंच जाते हैं। उन्होंने बताया कि यदि कोई कलाकार पहले से किसी कार्यक्रम के लिए हामी भर चुका है, तो वह तेज बुखार या बीमारी के बावजूद अपनी जिम्मेदारी निभाने की कोशिश करता है।
मीका के मुताबिक, संभव है कि दलेर मेहंदी ने भी आयोजकों से किए गए वादे को निभाने के लिए कार्यक्रम में प्रस्तुति दी हो, भले ही उस समय उनकी तबीयत ठीक नहीं रही हो। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की प्रस्तुति प्रभावित होने पर उसके स्वास्थ्य को भी ध्यान में रखना चाहिए।
मीका सिंह ने वीडियो में बताया कि दलेर मेहंदी की हाल ही में बड़ी सर्जरी हुई थी। उन्होंने कहा कि उनके भाई ने इस स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को सार्वजनिक नहीं करने के लिए कहा था, लेकिन भाई और प्रशंसक होने के नाते उन्हें सच्चाई सामने रखने का अधिकार है।
मीका ने कहा कि यदि दलेर मेहंदी ठीक से खड़े नहीं हो पा रहे थे या गाने में परेशानी हो रही थी, तो इसके पीछे उनकी खराब तबीयत हो सकती है। उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल की मंच पर की गई टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि कार्यक्रम रोकने या प्रस्तुति पर सवाल उठाने की बात अलग है, लेकिन शराब पीकर गाने का आरोप लगाना उचित नहीं है।
अपने भाई का बचाव करते हुए मीका सिंह ने कहा कि वह इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते। उन्होंने खुले तौर पर चुनौती देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति यह साबित कर दे कि उसने दलेर मेहंदी को शराब पीते हुए देखा है, तो वह गाना छोड़ देंगे।
दरअसल, 18 अक्टूबर को दलेर मेहंदी उत्तराखंड के टिहरी जिले में आयोजित कुंजापुरी मेले में प्रस्तुति दे रहे थे। नवरात्रि उत्सव से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं नरेंद्रनगर विधायक सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और दलेर मेहंदी को गाना रोकने के लिए कहा।
मंत्री ने गायक की प्रस्तुति पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि वह देवी दुर्गा के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में के ठीक से गाना नहीं गा पा रहे ।मंच पर हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया। अब मीका सिंह के बयान ने इस विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
