Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को विजयदशमी एवं दशहरा पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। विजयदशमी की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पावन पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर सदाचार और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि प्रत्येक व्यक्ति अहंकार का त्याग कर सत्य के मार्ग पर चले। साथ ही प्रदेश और देश में सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करने के लिए मिलजुलकर प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें यह संदेश देता है कि अंततः सत्य का ही विजय होती है और सच्चाई का साथ देने वालों की हमेशा जीत होती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीराम की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने और उनके आदर्शों पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि धर्म और सत्य की विजय का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सकारात्मकता, सद्भाव और नई ऊर्जा का संचार करे।
मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी सुखी रहें, सबका कल्याण हो और प्रदेश के प्रत्येक घर में सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली का वास हो।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
