Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: देहरादून में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार किशोरियों को मारी टक्कर, 15 वर्षीय युवती की मौत और सहेली गंभीर

Haldwani Newss
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की जान चली गई, जबकि उसकी 17 वर्षीय सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों किशोरियां स्कूटी से जा रही थीं, तभी खनन कार्य में लगे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक किशोरी ने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, राजीव नगर निवासी जूही (15) पुत्री अन्नू और उसकी सहेली दीपाली (17) पुत्री पवन शनिवार शाम करीब सात बजे स्कूटी से राजीव नगर से नगर चौक की ओर जा रही थीं। इसी दौरान डोईवाला क्षेत्र के खत्ता रोड पर पीछे से उसी दिशा में आ रहे खनन कार्य में लगे एक ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किशोरियां सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायल किशोरियों को जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दोनों को भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन देर रात 15 वर्षीय जूही की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, दीपाली की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही डोईवाला पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *