Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: अर्धकुंभ-2027 के स्वागत गीत में गूंजेगी हल्द्वानी के प्रभाकर जोशी की मधुर आवाज, टी-सीरीज ने तैयार की विशेष संगीतमय प्रस्तुति

Haldwani: अर्धकुंभ-2027 के स्वागत गीत में गूंजेगी हल्द्वानी के प्रभाकर जोशी की मधुर आवाज, टी-सीरीज ने तैयार की विशेष संगीतमय प्रस्तुति
शेयर करे-

Haldwani: हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ-2027 की भव्यता और देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान अब संगीत के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचेगी। अर्धकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत और उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सुरों में पिरोने के उद्देश्य से टी-सीरीज ने विशेष गीत ‘ये देवभूमि हरिद्वार है’ तैयार किया है। इस गीत को हल्द्वानी के गायक प्रभाकर जोशी और लखनऊ की डॉ. मेनका मिश्रा ने अपनी आवाज दी है। गीत की परिकल्पना नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने की है।

गीत के माध्यम से हरिद्वार की आध्यात्मिक महत्ता, देवभूमि की धार्मिक पहचान और अर्धकुंभ से जुड़ी आस्था को संगीत के जरिए प्रस्तुत किया गया है। गीत के बोल प्रयागराज के डॉ. शैलेष गौतम ने लिखे हैं, जबकि दिल्ली के धनेश राज ने संगीत निर्देशन किया है। इस विशेष प्रस्तुति को अर्धकुंभ-2027 के स्वागत और प्रचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार अर्धकुंभ-2027 के स्वागत गीत की सराहना करते हुए इससे जुड़े सभी कलाकारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देवभूमि की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने की इस पहल की प्रशंसा की।

गायक प्रभाकर जोशी के अनुसार, गीत की रिकॉर्डिंग और शूटिंग इसी वर्ष सितंबर में टी-सीरीज के नोएडा स्थित स्टूडियो में की गई थी। गीत को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गीत से जुड़ी इस पहल को लेकर कलाकारों और अन्य लोगों को लगातार बधाई एवं शुभकामना संदेश मिल रहे हैं।

मूल रूप से देवीधुरा के रहने वाले प्रभाकर जोशी लंबे समय से हल्द्वानी के वार्ड संख्या-60, बरेली रोड में रह रहे हैं। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से गायन की शिक्षा प्राप्त की है। इसके साथ ही बनारस घराने की गुरु-शिष्य परंपरा के अंतर्गत भी संगीत की बारीकियां सीखी हैं।

प्रभाकर के पिता डॉ. नारायण दत्त जोशी श्री महादेव गिरी संस्कृत महाविद्यालय में प्राचार्य रह चुके हैं। प्रभाकर पिछले 27 वर्षों से देश के विभिन्न मंचों पर अपनी गायकी का हुनर दिखा रहे हैं। वह 10 भाषाओं में गीत गाते हैं। टी-सीरीज के साथ यह उनका पहला वीडियो है, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित हैं।

अर्धकुंभ के विशेष गीत के बाद प्रभाकर जोशी अब बाबा नीम करौली पर आधारित भजन तैयार करने में जुटे हैं। इसके लिए वह भजन के बोल लिखने के साथ ही उसकी धुन भी तैयार कर रहे हैं। संगीत के प्रति उनका समर्पण और 27 वर्षों का अनुभव उन्हें लगातार नई रचनाओं के लिए प्रेरित कर रहा है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *