Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: नैनीताल के नए एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने संभाला कार्यभार, सिलक्यारा रेस्क्यू और धराली आपदा में निभा चुके हैं अहम भूमिका

Haldwani: नैनीताल के नए एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने संभाला कार्यभार, सिलक्यारा रेस्क्यू और धराली आपदा में निभा चुके हैं अहम भूमिका
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी: नैनीताल जिले को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिल गया है। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार, 27 नवंबर को नैनीताल जिले के एसएसपी का कार्यभार ग्रहण कर लिया। जिले में पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचकर विधिवत रूप से पदभार संभाला।

पुलिस कार्यालय पहुंचने पर सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

अर्पण यदुवंशी अपनी अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए पहचाने जाते हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। इससे पहले वह पुलिस अधीक्षक रेलवे (जीआरपी), पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी और सेनानायक राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

उत्तरकाशी में करीब ढाई वर्ष तक पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात रहते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी कार्यकाल में सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के दौरान उन्होंने घटना कमांडर के रूप में नेतृत्व किया। विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के अभियान में अहम योगदान दिया।

इसके बाद उन्होंने करीब दो वर्षों तक एसडीआरएफ के सेनानायक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। उनके नेतृत्व में प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एक माह तक एसडीआरएफ की तैनाती और संचालन किया गया। वहीं, अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान 1386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और करीब 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया गया।

उनके नेतृत्व में उत्तराखंड एसडीआरएफ को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। उनके कार्यकाल में करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।

अर्पण यदुवंशी ने ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय सुशासन केंद्र, लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान भी दिए हैं।

अपने सेवाकाल में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्रशस्ति और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।

नए एसएसपी अर्पण यदुवंशी के अनुभव और कार्यशैली से नैनीताल जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने की उम्मीद है। अब जिले की पुलिस व्यवस्था की कमान उनके हाथों में होगी।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *