Haldwani: शहर में चल रहे विकास कार्यों में देरी और लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे किए जाएं और निर्माण के दौरान आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। डीएम ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में यूयूएसडीए, पेयजल निगम, जमरानी और लोक निर्माण विभाग की ओर से शहर में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सुनियोजित तरीके से काम करने के निर्देश दिए।
डीएम ने यूयूएसडीए के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य व्यवस्थित और बिना अनावश्यक व्यवधान के संचालित किए जाएं। जिन क्षेत्रों में निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, वहां के स्थानीय नागरिकों और प्रभावित लोगों को पहले से इसकी जानकारी दी जाए तथा उन्हें विश्वास में लेकर काम शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। साथ ही यूयूएसडीए की कार्यप्रणाली और छवि में भी सुधार लाया जाए।
पेयजल निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल से संबंधित सभी कार्य मार्च माह से पहले अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं, जिससे आगामी गर्मियों में शहरवासियों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने शहर में बिछाई जा रही सीवर लाइनों के निर्माण में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही डीपीआर के अनुरूप कार्य होने की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।
शनि बाजार क्षेत्र में निर्माण कार्यों को लेकर डीएम ने निर्देश दिए कि सड़क को पूरी तरह बंद न किया जाए और यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए। उन्होंने निर्माण कार्य शुरू करने से पहले गोलापार सहित संबंधित क्षेत्रों के स्थानीय लोगों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुनने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जितने क्षेत्र में खुदाई की जाए, उसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द भरकर आवागमन सामान्य किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को केवल पत्राचार तक सीमित न रहने की हिदायत देते हुए कहा कि सभी अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करें और उनकी प्रगति का लगातार फॉलोअप लें। उन्होंने कहा कि सर्दियों में रात के समय सड़कों पर यातायात अपेक्षाकृत कम रहता है। ऐसे में रात्रिकालीन समय का अधिकतम उपयोग कर निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। जरूरत के अनुसार श्रमिकों की संख्या भी बढ़ाई जाए, ताकि काम निर्धारित समय से पहले पूरे किए जा सकें।
डीएम ने दोहराया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुविधाओं से कोई समझौता नहीं होगा। सभी विभाग निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, परियोजना निदेशक यूयूएसडीए कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
