Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: सुशीला तिवारी अस्पताल के रैन बसेरे और गंदगी पर भड़के डीएम रयाल, बोले- ‘क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे?

Haldwani: सुशीला तिवारी अस्पताल के रैन बसेरे और गंदगी पर भड़के डीएम रयाल, बोले- 'क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे?
शेयर करे-

॰ रेन बसेरे की खराब हालत और गंदगी देखकर डीएम ने जताई नाराजगी, डॉक्टरों को बाहर की दवाइयां लिखना बंद करने के सख्त निर्देश

Haldwani: सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में अव्यवस्थाओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान रेन बसेरे की बदहाल स्थिति, गंदगी और मरीजों को मिल रही सुविधाओं में कमियां देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सभी व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनके उपचार एवं अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, बिस्तरों की स्थिति और मरीजों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय सिटी मजिस्ट्रेट और अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट (एमएस) भी मौजूद रहे।

रेन बसेरे की खराब स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो रहा है और ऐसे में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों को ठंड से बचाने के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए। यदि रेन बसेरे और बिस्तरों की स्थिति ऐसी ही रही तो मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी।

व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए डीएम ने सख्त लहजे में कहा, “क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? विंटर में मरीज और तीमारदारों को ठंड लग जाएगी, फिर क्या होगा?” उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके लिए अस्पताल प्रशासन को अभी से जरूरी इंतजाम करने होंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि सुशीला तिवारी अस्पताल प्रदेश का नामचीन चिकित्सा संस्थान है। यहां हल्द्वानी के अलावा दूर-दराज के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। लोग बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद लेकर अस्पताल आते हैं, इसलिए उन्हें उसी स्तर की सुविधाएं भी मिलनी चाहिए।

उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, रेन बसेरे की व्यवस्था सुधारने, वार्डों में मरीजों के लिए बेहतर बिस्तर उपलब्ध कराने और अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डॉक्टरों द्वारा मरीजों को बाहर से दवाइयां लिखे जाने की शिकायतों पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी डॉक्टर मरीजों को बाहर की दवाइयां लिखना बिल्कुल बंद करें। अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े।

डीएम ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर उपचार के साथ साफ-सुथरा वातावरण, पर्याप्त बिस्तर और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने साफ कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी भी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल प्रबंधन सभी कमियों को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *