Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: विकासनगर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी हिमाचल से आ रही बोलेरो 2 वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत, पांच घायल

Dehradun: विकासनगर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी हिमाचल से आ रही बोलेरो 2 वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत, पांच घायल
शेयर करे-

Dehradun: देहरादून जिले के कालसी थाना क्षेत्र में हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर आ रही एक बोलेरो गाड़ी धमोग मंदिर से पहले अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो साल की मासूम बच्ची भी शामिल है।

हादसे की सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के कारण बचाव अभियान में टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर वाहन सवार सभी लोगों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग नेपाली मूल के मजदूर थे। ये लोग हिमाचल प्रदेश में काम खत्म करने के बाद अपने घर नेपाल लौट रहे थे। इसी दौरान हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राधिका (2 वर्ष) पुत्री डमर और नरबहादुर (56 वर्ष) पुत्र गंगा बहादुर, निवासी अछाम कटारी, नेपाल के रूप में हुई है।

वहीं घायलों में बोलेरो चालक चमन लाल (45 वर्ष) पुत्र हर्सू, निवासी चडगांव, शिमला, हिमाचल प्रदेश, डमर (32 वर्ष) पुत्र नरबहादुर, निवासी ठकारी, जिला अछाम, नेपाल, निशा (14 वर्ष) पुत्री दिनेश, निवासी कंचनपुर, जिला अछाम, नेपाल, उर्मिला (30 वर्ष) पत्नी डमर और प्रदीप (5 वर्ष) पुत्र डमर शामिल हैं।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

कालसी थाना के एसएसआई नीरज कठैत ने बताया कि हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर आ रहा बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। वाहन में सवार सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दो लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *